Advertisement

भारत की त्वरित राहत से नेपाल में खुशी, प्रधानमंत्री बालेन्द्र साह समेत नेताओं ने जताया आभार

-भारत की त्वरित राहत से नेपाल में खुशी, प्रधानमंत्री बालेन्द्र साह समेत नेताओं ने जताया आभार

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भोटेकोसी नदी में आई भीषण बाढ़ से भारी जन-धन की क्षति हुई है। इस विषम परिस्थिति में भारत सरकार की ओर से तत्काल राहत सामग्री भेजे जाने पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र साह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और आम नागरिकों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र साह से फोन पर बातचीत कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके कुछ ही समय बाद भारतीय वायुसेना के कार्गो विमान से 10 टन राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई गई। इसके बाद गुरुवार को भी 27.8 टन राहत सामग्री नेपाल भेजी गई।
भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल सरकार के प्रतिनिधि को राहत सामग्री सुपुर्द की। इसके बाद नेपाली सेना के जवान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और वितरण करने में जुटे हैं। भोजन सहित आवश्यक सामग्री मिलने से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद जगी है।


भारत की ओर से संकट की घड़ी में तत्काल मदद पहुंचाए जाने पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र साह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके अलावा नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विमलेन्द्र निधि, पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के अध्यक्ष राजेंद्र महतो, आम जनता पार्टी के अध्यक्ष प्रभु साह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अलग-अलग प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारत सरकार के प्रति आभार जताया।
नेपाल के आम नागरिकों ने भी भारत द्वारा इतनी कम समय में राहत सामग्री उपलब्ध कराए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के समय पड़ोसी देश भारत की ओर से तत्काल सहायता मिलना मानवीय सहयोग और पड़ोसी धर्म का उदाहरण है।
नेपाल में आपदा के समय भारत की ओर से त्वरित राहत पहुंचाने का यह पहला अवसर नहीं है। 25 अप्रैल 2015 को काठमांडू घाटी में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान भी भारत ने कुछ ही घंटों के भीतर भारतीय वायुसेना के कार्गो विमानों के माध्यम से राहत सामग्री और सहायता नेपाल पहुंचाई थी।
भोटेकोसी की बाढ़ से तबाह रसुवा में इस बार भी भारत की तत्काल सहायता से प्रभावित लोगों के बीच राहत और उम्मीद की भावना पैदा हुई है। नेपाल में राजनीतिक दलों से लेकर आम नागरिकों तक भारत की इस पहल की सराहना की जा रही है।