-ब्रजवासी हुए भाजपाई, भाजपा में हुए शामिल
-तिरहुत स्नातक सीट से लगातार दूसरी बार निर्दलीय जीत दर्ज करने के बाद बदला राजनीतिक रुख
-पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे वंशीधर ब्रजवासी
पटना/मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी अब भाजपा के साथ जुड़ गए हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। शनिवार को वह पटना स्थित बिहार भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके भाजपा में शामिल होने के राजनीतिक घटनाक्रम से बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

बंशीधर ब्रजवासी ने वर्ष 2026 के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरकर एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के उम्मीदवारों को चुनौती दी थी। उन्होंने शानदार जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विधान परिषद पहुंचने का रास्ता साफ किया। उनकी जीत को तिरहुत क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना गया।
भाजपा में शामिल होने से पहले ब्रजवासी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी शिष्टाचार मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद इन अटकलों को और बल मिला।
उनके भाजपा से जुड़ने को बिहार विधान परिषद में भाजपा और एनडीए की राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस राजनीतिक बदलाव का तिरहुत क्षेत्र की आगामी राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।













