-बेनीबाद में शराब तस्करों का पसीना छूटा, पुलिस की लगातार कार्रवाई से हड़कंप
-लगातार दबिश और बरामदगी से अवैध शराब कारोबारियों में बढ़ी बेचैनी, एनएच समेत प्रमुख मार्गों पर जांच तेज
दीपक कुमार/गायघाट।
बेनीबाद थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की सक्रियता और लगातार छापेमारी के कारण शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कार्रवाई के बाद तस्करों में पुलिस का खौफ साफ नजर आने लगा है।
डीएसपी अलय वत्स ने बताया कि थाना क्षेत्र में शराब की तस्करी और भंडारण की सूचना मिलने पर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए शराब बरामद करने के साथ ही वाहनों को जब्त किया गया है। मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई से शराब तस्करों ने अपने ठिकाने और कारोबार के तरीके में बदलाव करना शुरू कर दिया है। पुलिस भी संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और सूचना मिलते ही छापेमारी की जा रही है। एनएच समेत थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच तेज किए जाने से अवैध शराब के कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के खिलाफ पुलिस की सख्ती से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की सख्ती के बीच बेनीबाद में अवैध शराब का कारोबार चलाना तस्करों के लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है।












