-पटना एयरपोर्ट पर पक्षियों के झुंड से मचा हड़कंप, इंडिगो की फ्लाइट वाराणसी डायवर्ट
पटना। पटना एयरपोर्ट पर रनवे के आसपास पक्षियों के झुंड की मौजूदगी के कारण सोमवार शाम हवाई परिचालन प्रभावित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर की इंडिगो फ्लाइट 6E 2453 को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। विमान में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत 167 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, विमान सोमवार शाम करीब 4:15 बजे पटना पहुंचा, लेकिन रनवे के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों के मंडराने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। लैंडिंग की मंजूरी का इंतजार करते हुए विमान ने आसमान में दो चक्कर लगाए। इसके बाद एहतियातन विमान को वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया।
बताया गया कि विमान करीब 6:20 बजे वाराणसी से दोबारा पटना पहुंचा। इस दौरान दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पटना एयरपोर्ट पर करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। फ्लाइट के डायवर्ट होने और फिर पटना लौटने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे के आसपास मौजूद पक्षियों को हटाने के लिए पटाखे छोड़े गए, जिसके बाद हवाई परिचालन सामान्य किया गया। विमानन सुरक्षा के लिहाज से रनवे के आसपास पक्षियों की मौजूदगी को गंभीर खतरा माना जाता है। टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान पक्षी के विमान से टकराने यानी बर्ड हिट की स्थिति में विमान के इंजन और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है।
इससे पहले 24 अगस्त को भी पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटना सामने आई थी। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से पक्षी टकरा गया था। घटना के बाद एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू करते हुए फायर ब्रिगेड समेत अन्य आपात सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया था। लैंडिंग के बाद जांच में पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, हालांकि इंजन को कोई नुकसान नहीं हुआ था। जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने की अनुमति दी गई थी।
पटना एयरपोर्ट पर लगातार सामने आ रही पक्षियों से जुड़ी घटनाओं ने बर्ड-हैजार्ड को लेकर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रनवे के आसपास पक्षियों की मौजूदगी को नियंत्रित करना हवाई सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।













