Advertisement

गांजा-स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार, पति भी बताया जा रहा नशा तस्कर; पुलिस खंगाल रही नेटवर्क

-गांजा-स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार, पति भी बताया जा रहा नशा तस्कर; पुलिस खंगाल रही नेटवर्क

मुजफ्फरपुर। बिहार में नशीले पदार्थों की तस्करी में महिलाओं की संलिप्तता के मामले लगातार सामने आने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने महिला नशा तस्करों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने गांजा और स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान रेखा कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसका पति भी इलाके में नशे के कारोबार से जुड़ा बड़ा तस्कर बताया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिलेभर में सूखे नशे के खिलाफ विशेष चेकिंग और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिकंदरपुर ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुक्तिधाम के समीप नशीले पदार्थों की खेप के साथ एक महिला मौजूद है।

सूचना के आधार पर सिकंदरपुर ओपी थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ तत्काल छापेमारी की। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद करते हुए रेखा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया है।

सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि सिकंदरपुर ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला को गांजा और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला से पूछताछ की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार महिला के नशा तस्करी नेटवर्क, उसके पति की भूमिका और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही सिलचर से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप लेकर मुजफ्फरपुर पहुंची काजल कुमारी को तुर्की थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद महिला तस्करों के खिलाफ हुई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सूखे नशे के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।