-बेनीबाद में पेट्रोल पंपों पर पुलिस की सघन जांच, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था परखी
दीपक कुमार/गायघाट। बेनीबाद क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर विशेष जांच अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेनीबाद एवं गायघाट थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर सीसीटीवी व्यवस्था, कर्मचारियों की सतर्कता और ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच की।
अभियान का उद्देश्य पेट्रोल पंपों पर संभावित धोखाधड़ी की घटनाओं पर रोक लगाना, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा ग्राहकों को जागरूक करना था। पुलिस टीम ने पंपों पर मौजूद सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की पड़ताल की। यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित तरीके से संरक्षित की जा रही है, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध हो सके।

पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें ग्राहकों के साथ लेनदेन में पूरी पारदर्शिता बरतने, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का निर्देश दिया।
इस दौरान पेट्रोल भरवाने आए ग्राहकों को भी जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि पेट्रोल भरवाते समय मीटर और भुगतान की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बेनीबाद थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षित, पारदर्शी और अपराधमुक्त माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय निगरानी से पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।












