Advertisement

बेनिबाद के हनुमान नगर में नहीं मिली सरकारी सहायता, ग्रामीणों ने खुद बनाया चचरी पुल

-बेनिबाद के हनुमान नगर में नहीं मिली सरकारी सहायता, ग्रामीणों ने खुद बनाया चचरी पुल

मुजफ्फरपुर/गायघाट(दीपक)। जिले में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। प्राकृतिक आपदा के कारण गायघाट प्रखंड के कई गांव पानी से घिर गए हैं। बेनिबाद क्षेत्र के हनुमान नगर में भी बाढ़ का पानी चारों ओर फैल जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव के लोगों के सामने भोजन, पीने के पानी और पशुओं के चारे की समस्या बनी हुई है।
बाढ़ का पानी घरों के आसपास जमा होने के कारण कई परिवार अपने घरों में ही फंसे हुए हैं। कुछ ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पानी में तैरते हुए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों तक पहुंच रहे हैं, जबकि कई लोग अपनी जिंदगी की गाढ़ी कमाई से बनाए घरों को छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के बीच आवागमन के लिए सरकारी स्तर पर पर्याप्त नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। लगातार इंतजार के बाद जब कोई सरकारी सहायता नहीं मिली तो ग्रामीणों ने खुद ही घर से आने-जाने का रास्ता तैयार करने का फैसला लिया।


गायघाट प्रखंड की कांटा से हनुमान नगर जाने वाले रास्ते में ग्रामीणों ने बांस की मदद से चचरी पुल का निर्माण कर लिया है। इसी चचरी के सहारे लोग बाढ़ के पानी के बीच अपने घरों से बाहर निकलने और जरूरी सामान लाने-ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाव की व्यवस्था कराने के साथ-साथ बाढ़ राहत सामग्री, पेयजल और पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाढ़ का पानी चारों तरफ से गांव को घेरे हुए है और समय रहते सरकारी मदद नहीं पहुंची तो परेशानी और बढ़ सकती है।