-बेदोबस्ती पर्चाधारियों की बैठक में जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग,डीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
मुजफ्फरपुर। मुशहरी स्थित अंबेडकर भवन में रविवार को अखिल भारतीय खेत मजदूर किसान सभा के नेतृत्व में बेदोबस्ती पर्चाधारियों की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सकलदेव सहनी ने की। बैठक में रोहुआ, कोठिया, दाखिल सहित विभिन्न गांवों के सैकड़ों पर्चाधारी शामिल हुए। बैठक में जमीन पर कब्जा दिलाने और कथित फर्जी जमाबंदी को रद्द करने की मांग उठाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उदय चौधरी ने कहा कि बंदोबस्ती पर्चा मिलने के बावजूद कई पर्चाधारी अपनी जमीन पर कब्जा पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भू-स्वामियों की मिलीभगत से अंचलाधिकारी एवं सर्वे पदाधिकारी के स्तर पर जमीन का दोबारा सर्वे कराकर उसे भू-स्वामियों के नाम दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
वहीं, परमानंद पाठक ने कहा कि पर्चाधारियों ने जमीन पर दखल-दहानी के लिए समाहर्ता न्यायालय में भी मुकदमा दायर किया है। इसके बावजूद संबंधित जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज किए जाने का आरोप है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर कथित फर्जी जमाबंदी रद्द करने की मांग की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार, 2 नवंबर को पर्चाधारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा।
बैठक को सुमंत झा, शंकर सहनी, राज कुमार राम, कैलाश पासवान, सुरेंद्र पासवान, मिथुन पासवान, शंभू पासवान, नंद किशोर पासवान, देवेंद्र पासवान, सुनील राम और मालती देवी सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।












