Advertisement

बीडीओ ने पहली समीक्षा बैठक में विकास और पारदर्शिता पर दिया जोर

-बीडीओ ने पहली समीक्षा बैठक में विकास और पारदर्शिता पर दिया जोर

मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक।प्रखंड में नव पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आलोक कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली समीक्षात्मक बैठक आयोजित कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने प्रखंड कर्मियों के साथ परिचय सत्र भी किया और सभी को सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर संचालित सात निश्चय योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
इससे पूर्व प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में प्रशासनिक फेरबदल के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान तीन वर्षों का कार्यकाल पूरा करने वाले निवर्तमान बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय को जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों ने भावभीनी विदाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह, अंचलाधिकारी पुष्प राज, पंचायती राज पदाधिकारी राजीव रंजन सहित प्रखंड के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नए बीडीओ के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रखंड में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है।