-बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पहिये से अचानक निकलने लगा धुआं, यात्रियों के बीच अफरातफरी; 15 मिनट के अंदर…
छपरा/पटना। सम्वाददाता।
छपरा-सोनपुर रेलखंड पर गोल्डेनगंज एवं बड़ा गोपाल स्टेशन के बीच बुधवार को 12:30 बजे अप बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के आरक्षित स्लिपर कोच के पहिये से ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं निकलने लगा। पहिये से धुआं निकलते देख आग लगने की आशंका से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।
गार्ड और लोको पायलट ट्रेन से नीचे उतरे:
स्लिपर कोच में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मचने लगी। इसी दौरान लोको पायलट एवं गार्ड को भी इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद ट्रेन को रोक कर गार्ड एवं लोको पायलट नीचे उतरे। जांच करने पर पता चला कि ब्रेक बाइंडिंग से होने वाले घर्षण के कारण पहिये से धुआं निकलने लगा था। इसे ठीक कर 15 मिनट बाद ट्रेन छपरा के लिए रवाना हो गई।

छपरा स्टेशन अधीक्षक ने क्या कहा?
इस मामले में पूछे जाने पर छपरा जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग से उत्पन्न घर्षण के कारण ऐसी घटना होती है। रेलवे प्रशासन यात्री सुरक्षा व संरक्षा के मामले में हमेशा सक्रिय रहता है। रेलवे का एक विभाग गाड़ियों एवं पटरियों के देखभाल एवं निगरानी के लिए काम करता है।












