-बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर का जलवा, चार गोल्ड समेत आठ पदक जीते
-राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी
मुजफ्फरपुर। बिहार जूडो एसोसिएशन के तत्वावधान में 17 और 18 अक्टूबर को पटना के दानापुर स्थित मान्या रिजॉर्ट में आयोजित बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप में मुजफ्फरपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में चार स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल आठ पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर जिले से सब जूनियर, जूनियर और सीनियर सहित विभिन्न आयु वर्गों में तीन बालिका और 13 बालक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ी मोतीझील स्थित मार्शल आर्ट एकेडमी ऑफ मुजफ्फरपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

पदक विजेताओं में सीनियर बालक वर्ग के 81 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ कुमार, जूनियर बालक वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में अंश श्रीवास्तव, सब जूनियर बालिका वर्ग के 36 किलोग्राम भार वर्ग में आशी प्रिया और मिनी सब जूनियर बालक वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में अनस माहताब ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
वहीं, जूनियर बालिका वर्ग के 48 किलोग्राम भार वर्ग में संध्या चतुर्वेदी ने रजत पदक हासिल किया। सब जूनियर बालक वर्ग में आदर्श राज गुप्ता ने 45 किलोग्राम और अर्नव क्षेत्री ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। कैडेट बालिका वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में संजना कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला सचिव संजय, प्रशिक्षक प्रशांत तिवारी, सौरभ और अतुल स्वरूप सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी मुजफ्फरपुर के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और बिहार का गौरव बढ़ाएंगे।












