Advertisement

बिहार बंद के नाम पर गुंडई!

-बिहार बंद के नाम पर गुंडई!

-पप्पू यादव अपने समर्थकों के लाठीचार्ज पर क्या कहेंगे?

ब्यूरो।पटना।

बीपीसीएसी 70वीं परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार बंद का ऐलान किया। इसके बाद 12 जनवरी को सुबह से ही उनकी छात्र युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम की वजह से वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हुई है। बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना में छात्र युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया।
पटना में एनआईटी मोड़ के पास सड़क पर टायर जला कर प्रदर्शन किया गया है। कुछ छात्र यहां नारेबाजी करते नजर आए। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से बिहार बंद करवा रहे हैं। दुकानदार खुद ही अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों के हाथों में उनके बैनर वाले झंडे नजर आ रहे थे।


इस दौरान पटना के अशोक राजपथ के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दी गई। यही नहीं, वहां से गुजर रही एक हाईवा ट्रक का विंड स्क्रीन ही फोड़ दिया गया। गाड़ी चला रहे ड्राइवर की इस दौरान सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। उस बेचारे को समझ ही नहीं आ रहा था कि भागे तो कहां भागे। लेकिन फिर कैमरा देखते ही बंद समर्थक भी उसके फूटे शीशे को झाड़ने लगे।
बेगूसराय में बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर युवा शक्ति के दर्जनों लोगों ने शहर के पावर हाउस चौक पर एन एच 31 को जाम कर दिया। सड़क जाम को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नगर थाना अध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। लेकिन इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क जामकर बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक बीपीएससी परीक्षा को रद्द कर दोबारा एग्जाम नहीं लिया जाएगा, तब तक पप्पू यादव के आह्वान पर आंदोलन जारी रहेगा।
पप्पू यादव के बिहार बंद के ऐलान के बाद छात्र युवा शक्ति संगठन के झंडे लेकर प्रदर्शनकारी हाजीपुर में भी उतरे। इस दौरान स्टेशन चौक से अनवरपुर चौक सिनेमा रोड, राजेंद्र चौक होते हुए पूरे गुदड़ी बाजार में इन्होंने बंद कराया।