Advertisement

बिजली सुरक्षा को लेकर सख्ती, 75 पूजा समितियों को नोटिस

-बिजली सुरक्षा को लेकर सख्ती, 75 पूजा समितियों को नोटिस

मुजफ्फरपुर। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। मुजफ्फरपुर शहर की पूजा समितियों को बिजली सुरक्षा के निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूजा पंडालों में बिजली व्यवस्था के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने की प्रक्रिया और लोड के अनुसार शुल्क दरें भी निर्धारित की गई हैं।

शहरी वन डिवीजन के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि शहर की 75 प्रमुख पूजा समितियों को इस संबंध में औपचारिक नोटिस भेजा गया है। नोटिस के माध्यम से सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए समितियों को समय पर अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए पूजा समितियों को आधार कार्ड के साथ संबंधित कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। आवेदन मिलने के बाद विभाग की ओर से जल्द से जल्द वैध कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विद्युत विभाग ने पूजा पंडालों में बिजली से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया है। पंडालों की सजावट और बिजली व्यवस्था में कटे-फटे या असुरक्षित जोड़ वाले तारों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। पंडालों को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तारों से सुरक्षित दूरी पर बनाने का निर्देश दिया गया है। शॉर्ट सर्किट और ओवरलोडिंग से आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यकता के अनुसार अच्छी गुणवत्ता वाली एमसीबी (MCB) लगाना भी जरूरी होगा।

विभाग की ओर से अस्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए लोड के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। एक किलोवाट के लिए 1,878 रुपये, दो किलोवाट के लिए 2,806 रुपये, तीन किलोवाट के लिए 3,734 रुपये, चार किलोवाट के लिए 4,662 रुपये और पांच किलोवाट के लिए 6,840 रुपये शुल्क तय किया गया है। इसी तरह छह किलोवाट के लिए 7,768 रुपये, सात किलोवाट के लिए 8,697 रुपये, आठ किलोवाट के लिए 9,625 रुपये, नौ किलोवाट के लिए 10,553 रुपये और दस किलोवाट के लिए 11,481 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

वहीं, 11 किलोवाट के लिए 12,409 रुपये, 12 किलोवाट के लिए 13,337 रुपये, 13 किलोवाट के लिए 14,265 रुपये, 14 किलोवाट के लिए 15,193 रुपये और 15 किलोवाट के लिए 16,121 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसके अलावा 16 किलोवाट के लिए 17,049 रुपये, 17 किलोवाट के लिए 17,977 रुपये, 18 किलोवाट के लिए 18,905 रुपये, 19 किलोवाट के लिए 19,834 रुपये और 20 किलोवाट के लिए 20,762 रुपये शुल्क तय किया गया है।

विद्युत विभाग ने सभी पूजा समितियों से समय रहते वैध अस्थायी कनेक्शन लेने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शॉर्ट सर्किट, आगजनी और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।