Advertisement

बिजली संकट से करैला वार्ड-09 बेहाल, नल-जल योजना भी ठप, ग्रामीणों में आक्रोश

-बिजली संकट से करैला वार्ड-09 बेहाल, नल-जल योजना भी ठप, ग्रामीणों में आक्रोश

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। प्रखंड के करैला पंचायत के वार्ड संख्या-09 में मंगलवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पूरे वार्ड में नल-जल योजना भी बंद हो गई है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति हो रही थी, लेकिन कई वैध उपभोक्ताओं के मीटरों में बिजली नहीं पहुंच रही थी। वहीं कुछ लोगों के यहां कथित रूप से ‘टोकन’ फंसाकर बिजली का उपयोग किए जाने की बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि यदि नल-जल योजना के लिए बिजली उपलब्ध नहीं होगी तो पानी की आपूर्ति कैसे संभव होगी।


स्थानीय लोगों के अनुसार नल-जल योजना की स्थिति लंबे समय से खराब है। लो वोल्टेज की समस्या के कारण मोटर अक्सर नहीं चल पाती, जिससे पिछले एक वर्ष से महीने में केवल दो से चार दिन ही नियमित रूप से पानी मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो महीने पहले वार्ड सदस्य के नेतृत्व में 70 से 80 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन बिजली विभाग को सौंपा गया था। आवेदन में लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गुरुवार तक भी वार्ड में बिजली बहाल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) का फोन भी नहीं उठ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा नल-जल योजना को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।