-बाबा खगेश्वरनाथ धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक तिवारी। सावन की दूसरी सोमवारी पर बंदरा स्थित बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर न्यास समिति के सचिव वैद्यनाथ पाठक के अनुसार, करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा खगेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया।
मंदिर के गर्भगृह में बाबा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक शुरू कराया गया। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा को गंगाजल अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर:
सावन की दूसरी सोमवारी को मंदिर परिसर में चारों तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा खगेश्वरनाथ की जय’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवरिए भी बाबा के दरबार में पहुंचते रहे।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि स्वयंसेवकों की टीम भी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराने और व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी रही मौजूद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों की भी तैनाती की गई थी। मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
मुंडन और पूजन का भी चला दौर:
सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मुंडन और विशेष पूजन का दौर भी चलता रहा। मंदिर के आसपास मेला भी आयोजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
सुबह से लेकर दिनभर बंदरा का बाबा खगेश्वरनाथ धाम आस्था, भक्ति और कांवरियों के जयकारों से गुलजार रहा। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस, स्वयंसेवकों और मंदिर प्रबंधन की टीम व्यवस्था संभालने में जुटी रही।












