-बाढ़ का पानी घटते ही कांटा उप स्वास्थ्य केंद्र नियमित संचालन का आश्वासन
मुजफ्फरपुर/गायघाट। कांटा पंचायत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गायघाट के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पंचायत की स्वास्थ्य व्यवस्था, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निष्क्रिय रहने तथा बाढ़ के कारण उत्पन्न संभावित स्वास्थ्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कांटा उप स्वास्थ्य केंद्र के नियमित संचालन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर जाने की परेशानी से अवगत कराते हुए स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रभात मिश्रा ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि बाढ़ का पानी कम होते ही कांटा उप स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

छात्र नेता मयंक मिश्रा ने बताया कि वर्तमान बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों के बीच स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा क्लोरीन की दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य दूषित पानी से होने वाली संभावित बीमारियों से लोगों का बचाव करना है।
समाजसेवी दीपक ठाकुर ने कहा कि बाढ़ राहत और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में प्रशासन की ओर से सहयोग का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग का प्रभावी उपयोग करते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है।
वहीं रोहित ठाकुर ने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने के बाद कांटा उप स्वास्थ्य केंद्र के नियमित संचालन की उम्मीद है, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ का पानी कम होने के बाद भी स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं किया गया तो जनहित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कांटा पंचायत के लोगों को जल्द ही नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।












