-बागमती के बढ़ते जलस्तर से 14 पंचायतों का संपर्क टूटा, पीपा पुल पर वाहनों का परिचालन बंद
मुजफ्फरपुर। बागमती नदी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि से गायघाट प्रखंड के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बाढ़ के पानी के कारण बसघट्टा, लखनपुर, पहसौल, खंगुराडीह, नगबारा, चंगेल, कटाई, यजुआर मध्य, यजुआर पूर्वी, यजुआर पश्चिम, बेलपकौना, बंधपुरा बर्री और तेहबारा समेत कुल 14 पंचायतों का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है।
सड़क संपर्क बाधित होने के कारण लोगों को अब प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए बेनीबाद, जारंग और भुसरा होकर लंबा और वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
इधर, बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पीपा पुल से वाहनों का परिचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। पीपा पुल संचालक अरुण सिंह ने बताया कि नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद ही मोटरसाइकिलों का परिचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।

सोमवार शाम जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के बाद बकुची, पतारी, अंदामा, नवादा, गंगेया, बर्री, भवानीपुर और माधोपुर समेत कई गांवों में बाढ़ की आशंका गहरा गई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय निवासी सीताराम कमती, श्याम महतो और पूर्व मुखिया राम सकल भारत ने बताया कि सड़क संपर्क टूटने से सबसे अधिक परेशानी बीमार और जरूरतमंद लोगों को होगी। आपात स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है।
वहीं, अंचलाधिकारी सुशीला कुमारी ने बताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिला प्रशासन को भी स्थिति से अवगत करा दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।












