Advertisement

बराटी में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद, 5.47 लाख रुपये नकद और बुलेट के साथ युवक गिरफ्तार

-बराटी में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद, 5.47 लाख रुपये नकद और बुलेट के साथ युवक गिरफ्तार

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के बराटी थाना क्षेत्र के बरुआ बहुआरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में कथित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, नकद राशि और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ का वजन 356.24 ग्राम बताया गया है, जबकि नकद 5 लाख 47 हजार रुपये जब्त किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बराटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बरुआ गांव निवासी मुसाफिर सिंह का 27 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार कथित तौर पर ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थों की खुदरा और थोक बिक्री करता है। सूचना के आधार पर मंगलवार शाम करीब सात बजे पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान आर्यन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान 27 पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर, 5 लाख 47 हजार रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद जब्त सामान की सूची तैयार कर आरोपी और बरामद सामग्री को थाने लाया गया।

थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

मामले में बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति और कथित कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।