-बराटी थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे बजाने पर रोक
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। बराटी थाना परिसर में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने की। इसमें थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया।
बैठक में थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने सभी पूजा समितियों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा। लाउडस्पीकर पर अश्लील गाने बजाने और तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाने पर भी रोक रहेगी।

उन्होंने कहा कि सभी पूजा समिति के आयोजकों को आवेदन के साथ 10 स्वयंसेवकों के आधार कार्ड की प्रति थाने में जमा करनी होगी। इसके बाद नियमानुसार लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र, बालू और पानी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया।
थानाध्यक्ष ने आयोजकों को विद्युत विभाग से वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने तथा सोशल मीडिया पर अमर्यादित एवं भ्रामक पोस्ट नहीं करने की हिदायत दी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने दुर्गा पूजा समाप्त होने के अगले दिन हर हाल में प्रतिमा विसर्जन करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में मुखिया पंकज शर्मा, सरपंच मिलन राय, सुरेश राय, डॉ. रंजीत कुमार, अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह, जवाहर राय, सुमन कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे।












