-बन्दरा के अंचलाधिकारी अंकुर राय को भावपूर्ण विदाई, कर्मियों ने किया सम्मानित
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
जिले के बन्दरा के अंचलाधिकारी (सीओ) अंकुर राय का तबादला दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा अंचल में होने पर अंचल कार्यालय के कर्मियों की ओर से शहर में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सीओ अंकुर राय एवं उनकी पत्नी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अंचल के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अंकुर राय के कार्यकाल को याद करते हुए उनके प्रशासनिक कार्यों, कार्यशैली और व्यवहार की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य किया। अधीनस्थ कर्मियों के प्रति उनका सहयोगात्मक और प्रेरणादायी व्यवहार अनुकरणीय रहा।

समारोह के दौरान सीओ अंकुर राय और उनकी पत्नी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में अंकुर राय ने बन्दरा के लोगों, जनप्रतिनिधियों और अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बन्दरा में कार्य करने के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल के कई अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और कर्मियों के लिए रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया। पूरे समारोह का माहौल आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक विदाई से सराबोर रहा।












