-बक्सर में दो महिलाओं की शादी से मचा हड़कंप, परिवार का विरोध और कानूनी सवालों के बीच चर्चा तेज
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले से प्रेम संबंध का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सामाजिक मान्यताओं, पारिवारिक रिश्तों और कानूनी व्यवस्थाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र की रहने वाली संध्या देवी, जो दो बच्चों की मां हैं, ने अपने वैवाहिक जीवन को पीछे छोड़ अविवाहित युवती रूबी कुमारी के साथ मंदिर में शादी रचा ली है। इस अनोखे विवाह की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, संध्या देवी की शादी वर्ष 2010 में अतवारु यादव के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं, जिनमें 12 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा शामिल हैं। संध्या का पति बाहर रहकर निजी नौकरी करता है। इसी दौरान संध्या की मुलाकात रूबी कुमारी, पिता मनोज शाह, से हुई।
बताया जा रहा है कि पिछले 15 से 20 दिनों से दोनों महिलाएं सोशल मीडिया के लिए साथ में रील्स बनाती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को सामाजिक और धार्मिक पहचान देने का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक, 4 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के विंध्याचल स्थित अष्टभुजी मंदिर में दोनों ने विधि-विधान से शादी की। इसके बाद बक्सर लौटकर प्रसिद्ध रामेश्वर नाथ मंदिर में भी एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस विवाह की खास बात यह रही कि रूबी कुमारी ने पति और संध्या देवी ने पत्नी की भूमिका निभाई।

संध्या देवी ने मीडिया के सामने अपने पहले पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले 16 वर्षों से पति की मारपीट और प्रताड़ना सह रही थीं। आरोप है कि पति शराब पीकर दुर्व्यवहार करता था, जिससे परेशान होकर उन्होंने रूबी के साथ नया जीवन शुरू करने का निर्णय लिया।
हालांकि, यह मामला कानूनी दृष्टि से कई सवाल भी खड़े कर रहा है। हिंदू विवाह अधिनियम के तहत पहले पति से कानूनी तलाक लिए बिना दूसरी शादी करना अवैध माना जाता है। वहीं भारत में समलैंगिक संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया जा चुका है, लेकिन समलैंगिक विवाह को अभी तक पूर्ण कानूनी मान्यता नहीं मिली है। ऐसे विवाहों को विवाह प्रमाण पत्र सहित अन्य वैधानिक सुविधाएं भी प्राप्त नहीं होतीं।
शादी के बाद दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। संध्या और रूबी का आरोप है कि परिजन उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे। फिलहाल दोनों समाज और कानून की तमाम चुनौतियों के बावजूद साथ रहने की जिद पर कायम हैं।
बक्सर की यह अनोखी शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।











