Advertisement

बंगड़ी सलाहपुर में युवती की संदिग्ध मौत

-बंगड़ी सलाहपुर में युवती की संदिग्ध मौत

-फंदे से लटका मिला शव

मुजफ्फरपुर। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के बंगड़ी सलाहपुर गांव में गुरुवार को 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर युवती का शव फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवती की हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटकाया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


सूचना मिलने पर पानापुर करियात थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फिलहाल युवती की मौत आत्महत्या है या हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।