-प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारी ने किया मतदान
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत आज मुजफ्फरपुर में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा। इस अवसर पर जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की और जनता से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजकुमार अपनी पत्नी श्रीमती वंदना कुमारी के साथ 94-मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभात तारा स्कूल, चक्कर मैदान (दायां भाग) स्थित मतदान केंद्र संख्या 75 पर पहुंचे और कतार में लगकर मतदान किया। उन्होंने कहा “हर नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए। यही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। सभी लोग अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर मतदान केंद्र जरूर जाएं और जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।”

वहीं, जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने भी अपनी पत्नी के साथ कंपनीबाग स्थित रेलवे प्रशिक्षण केंद्र (बूथ संख्या 80) पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि — “लोकतंत्र का यह पर्व हम सभी के लिए गर्व का अवसर है। हर वोट राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।”
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बिना किसी भय या प्रलोभन के मतदान करें और लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।












