Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, गया कॉलेज से सीधे जुड़ेंगे युवा

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, गया कॉलेज से सीधे जुड़ेंगे युवा

बोधगया/गया(धीरज)। युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने और स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस राष्ट्रीय अभियान के तहत देशभर के 125 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा, जिनमें बिहार के चार प्रमुख संस्थानों का चयन किया गया है। इनमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, गया कॉलेज, गया भी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ऑनलाइन माध्यम से देशभर के युवाओं और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से सीधे संवाद करेंगे। गया कॉलेज में इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दिल्ली से तकनीकी ट्रायल भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं और केंद्र सरकार की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि इस ऐतिहासिक अभियान के लिए संस्थान का चयन होना गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति नई चेतना और सकारात्मक सोच विकसित करेगा।


मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गया कॉलेज में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं के बीच व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है और इस दिशा में एनएसएस स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मगध विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय पिछले कई महीनों से नशा उन्मूलन अभियान के तहत विभिन्न महाविद्यालयों और परिसर में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियां संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस राष्ट्रीय अभियान के लिए गया कॉलेज का चयन इन प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वयंसेवक प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मगध विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, छात्र कल्याण अधिष्ठाता, एनएसएस समन्वयक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।