-पॉक्सो, पॉश और माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित
-किशोरियों को वितरित किए गए स्वच्छता किट
मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर तथा एक्शन एड के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नुनफारा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय उसरा, बरियारपुर परिसर में पॉक्सो एक्ट, पॉश एक्ट एवं माहवारी स्वच्छता विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 40 किशोरियों, 20 महिलाओं और 10 पुरुषों ने भाग लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविन्द कुमार ने प्रतिभागियों को पॉक्सो एवं पॉश अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी तथा बच्चों और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक ज्योति कुमारी ने महिलाओं पर होने वाली हिंसा, उसके रोकथाम के उपायों तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों और महिलाओं के लिए माहवारी स्वच्छता के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

डीएचईडब्ल्यू के जेंडर स्पेशलिस्ट रजनीश कुमार ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं एक्शन एड के प्रखंड समन्वयक राजगीर कुमार ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 एवं बाल अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी 40 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता किट वितरित किए गए। गोष्ठी का संचालन मानवाधिकार रक्षक रामसुंदर राम ने किया।
इस अवसर पर एक्शन एड के राकेश कुमार, रामचंद्र दास, चंदन कुमार, कुमारी आरती, विकास मित्र सहित नुनफारा प्रतिज्ञा किशोरी समूह की एडो लीडर सोनम कुमारी, संकल्प किशोरी समूह की लीडर पूजा कुमारी एवं प्रतीक्षा किशोरी समूह की लीडर निशा कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।












