Advertisement

परीक्षा स्पेशल ट्रेन में अभ्यर्थियों की तोड़फोड़, 50 से अधिक सीटें क्षतिग्रस्त

-परीक्षा स्पेशल ट्रेन में अभ्यर्थियों की तोड़फोड़, 50 से अधिक सीटें क्षतिग्रस्त

मुजफ्फरपुर/पटना। प्रतियोगी परीक्षा के लिए चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन में अभ्यर्थियों द्वारा व्यापक तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, परीक्षा देकर लौट रहे कुछ अभ्यर्थियों ने ट्रेन के कई कोचों में सीटों और बर्थ को नुकसान पहुंचाया। घटना में करीब 50 सीटें क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, कई सीटों और बर्थ के कवर फाड़ दिए गए, जबकि आपातकालीन खिड़कियों (इमरजेंसी विंडो) के स्टॉपर भी तोड़ दिए गए। इससे रेलवे को भारी नुकसान हुआ है। ट्रेन के निरीक्षण के दौरान क्षति का आकलन किया गया, जिसमें दर्जनों सीटों के टूटने और अन्य रेल संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि हुई।


रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित कोचों में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने क्षतिग्रस्त सीटों और अन्य उपकरणों की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया है।