-नेपाल: जनकपुरधाम में जानकी नवमी की धूम, भक्ति में डूबा पूरा नगर
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक नगर जनकपुरधाम में जानकी नवमी का पर्व इस वर्ष पूरे श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले इस पावन शहर में हर ओर भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
जानकी मंदिर सहित राम मंदिर, रत्नसागर और बिहार कुंड स्थित विभिन्न मठ-मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। शाम होते ही इन धार्मिक स्थलों पर कीर्तन, भजन और बधाई गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
भारत समेत नेपाल के विभिन्न हिस्सों से साधु-संतों का जनकपुरधाम पहुंचना लगातार जारी है। जानकी मंदिर में सप्ताहव्यापी ‘जानकी महोत्सव’ का आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर रामानंदी वैष्णव समाज ने जानकी नवमी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। संत समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष राम रोशन दास वैष्णव के नेतृत्व में धनुषा के जिलाधिकारी से मुलाकात कर नेपाल के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
महंत राम रोशन दास वैष्णव ने जानकारी दी कि 25 मई को सुबह गाजे-बाजे के साथ साधु-संत और श्रद्धालु दूधमती नदी में शाही स्नान के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं शाम के समय नगरवासी अपने-अपने घरों में कम से कम पांच दीप जलाकर पर्व की खुशियां मनाएंगे।
पूरे जनकपुरधाम को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है, जिससे शहर की सुंदरता और भी निखर गई है। जानकी नवमी के इस पावन अवसर पर जनकपुरधाम में आस्था, परंपरा और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।













