Advertisement

नाजीरपुर में ‘शराब की बारिश’! छापेमारी के दौरान छत से फेंकी गईं बोतलें, नाबालिग तस्कर गिरफ्तार

-नाजीरपुर में ‘शराब की बारिश’! छापेमारी के दौरान छत से फेंकी गईं बोतलें, नाबालिग तस्कर गिरफ्तार

 

मुजफ्फरपुर।शराबबंदी लागू होने के बावजूद बिहार में अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के नाजीरपुर इलाके से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग की छापेमारी के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। टीम के पहुंचते ही शराब कारोबारी के घर की छत से अचानक शराब की बोतलों और कार्टून की “बारिश” शुरू हो गई।

सूत्रों के अनुसार, उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि नाजीरपुर में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मकान को चारों ओर से घेर लिया और छापेमारी शुरू कर दी।

छापेमारी के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच छत पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई को विफल करने की कोशिश में ऊपर से शराब की बोतलें और कार्टून नीचे फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरा घटनास्थल फिल्मी दृश्य जैसा बन गया, जहां एक ओर पुलिस कार्रवाई कर रही थी, वहीं दूसरी ओर सबूत मिटाने की कोशिश जारी थीl

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से एक नाबालिग शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, छत से शराब फेंकने वाली महिला मौके से फरार हो गई।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध शराब कारोबार के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि शराबबंदी के बावजूद बिहार में अवैध शराब कारोबार किस तरह बेखौफ होकर फल-फूल रहा है।