-नहर से मिले राहुल ठाकुर के शव मामले में नया मोड़, कार में खून के निशान और 25 लाख रुपये गायब
मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र स्थित तिरहुत नहर से शनिवार को बरामद जगन्नाथ पताही निवासी राहुल ठाकुर (50) के शव मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। घटनास्थल के पास लावारिस हालत में खड़ी उनकी महाराष्ट्र नंबर की कार में खून के निशान मिलने और मृतक के हाथ की नस कटी होने की बात सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, राहुल ठाकुर पटना में मेडिकल कॉलेज में नामांकन से संबंधित कंसल्टेंसी का काम करते थे। वह शुक्रवार से लापता थे। शनिवार को तिरहुत नहर से उनका शव बरामद किया गया। इसके बाद घटनास्थल के पास खड़ी उनकी कार की जांच की गई, जिसमें सीटों और अन्य हिस्सों पर खून के धब्बे मिलने की बात सामने आई। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के हाथ की नस भी कटी हुई थी। इन परिस्थितियों के कारण घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि राहुल शुक्रवार को किसी काम से 20 से 25 लाख रुपये नकद लेकर घर से निकले थे। उनके अनुसार, उक्त राशि अब गायब है। हालांकि, नकदी गायब होने और हत्या के बीच संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी राजेश कुमार प्रभाकर और सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कार से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और कथित लूटपाट की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।













