Advertisement

नशे में पत्नी-बच्चों से मारपीट कर रहा था युवक, पुलिस पहुंची तो सिपाही को किया जख्मी, दारोगा की वर्दी फाड़ी

-नशे में पत्नी-बच्चों से मारपीट कर रहा था युवक, पुलिस पहुंची तो सिपाही को किया जख्मी, दारोगा की वर्दी फाड़ी

-पारू के छाप गांव में पुलिस टीम के साथ धक्कामुक्की
-आरोपी अमित कुमार गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र के छाप गांव में मंगलवार की शाम नशे की हालत में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस टीम के साथ भी नोकझोंक और धक्कामुक्की की। इस दौरान एक सिपाही आंशिक रूप से जख्मी हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दारोगा की वर्दी फट गई। पुलिस ने मौके से आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अमित कुमार नशे की हालत में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। उसकी हरकतों से परेशान परिजनों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर दारोगा अंकित कुमार पुलिस बल के साथ छाप गांव पहुंचे।

पुलिस टीम ने कमरे का दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा खुलते ही अमित कुमार पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गया। देखते ही देखते मामला नोकझोंक से धक्कामुक्की तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान सिपाही सूर्यदेव कुमार आंशिक रूप से जख्मी हो गए। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे दारोगा अंकित कुमार के साथ भी आरोपी ने धक्कामुक्की की, जिसमें उनकी वर्दी फट गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दारोगा सुनील कुमार मंडल के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामजी कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।