Advertisement

नशा मुक्त भारत अभियान के 100 सप्ताह पूरे होने पर पटना में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर

-नशा मुक्त भारत अभियान के 100 सप्ताह पूरे होने पर पटना में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर

पटना। नशा मुक्त भारत अभियान के 100 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर पटना के यूथ हॉस्टल में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, पटना के तत्वावधान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित शिविर में युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ रही। इस दौरान युवाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, योग और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी गई। शिविर में आठ प्रमुख गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें योग सत्र, ओपीडी परामर्श, तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श, रक्तचाप एवं हीमोग्लोबिन जांच, दवा वितरण, लंबाई और वजन माप शामिल रहे। प्रत्येक गतिविधि में 100 प्रतिभागियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया था।


स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में युवाओं को जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में डॉ. रजनीश चौधरी, डॉ. प्रशांत कुमार, भानु शर्मा और विशाल सहित चिकित्सकों, एएनएम, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं। कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने और विभिन्न गतिविधियों के समन्वय में फतुहा प्रखंड के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हिमांशु शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के माध्यम से युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।