-नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू
-पात्रता नियमों में बड़ा बदलाव
-31 जुलाई तक करें आवेदन
मुजफ्फरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार प्रवेश पात्रता के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
समिति की ओर से जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार अब अभ्यर्थी अपने मूल निवास जिले के नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे, यदि वे कक्षा 5 की पढ़ाई उसी जिले में कर रहे हों या फिर अपने जिले की सीमा से 10 किलोमीटर की रेडियल दूरी के भीतर स्थित किसी पड़ोसी जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालय में अध्ययनरत हों। पहले केवल उसी जिले के छात्र आवेदन कर सकते थे, जहां वे निवास के साथ-साथ पढ़ाई भी कर रहे हों।
नए नियम से विशेष रूप से दो जिलों की सीमाओं पर रहने वाले ग्रामीण विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो पहले तकनीकी कारणों से आवेदन करने से वंचित रह जाते थे।
समिति ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) का आयोजन 28 नवंबर 2026 को होगा। परीक्षा के परिणाम मार्च या अप्रैल 2027 में घोषित किए जाने की संभावना है।

समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी छात्र को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में केवल एक बार ही शामिल होने का अवसर मिलेगा। यदि कोई अभ्यर्थी पहले किसी वर्ष यह परीक्षा दे चुका है, तो ऑनलाइन सत्यापन के दौरान उसका आवेदन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।
आवेदन के समय अभ्यर्थी को वैध पहचान संबंधी विवरण देना होगा। यदि छात्र के पास आवश्यक पहचान दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो माता-पिता का वैध निवास प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा छात्र का हालिया फोटो, हस्ताक्षर तथा आवश्यकता अनुसार जाति प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी जेपीजी (JPG) फॉर्मेट में अपलोड करनी होगी।
नवोदय विद्यालय समिति ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके। नए पात्रता नियमों के लागू होने से इस वर्ष बड़ी संख्या में छात्रों के आवेदन करने की संभावना जताई जा रही है।












