-नल-जल योजना में गबन: फरार वार्ड सदस्य के घर कुर्की, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गायघाट (मुजफ्फरपुर) | दीपक कुमार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र में नल-जल योजना में कथित गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार पूर्व वार्ड सदस्य के घर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई।
बताया गया है कि कांटा पीरौंछा उत्तरी पंचायत की पूर्व वार्ड सदस्य रूही प्रवीण पर नल-जल योजना के तहत करीब 17 लाख 34 हजार रुपये के गबन का आरोप है। मामले के सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रही थीं, जिसके कारण अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की का आदेश जारी किया।

इस प्रकरण में पहले ही वार्ड सचिव को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर थी। पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के घर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नल-जल योजना में अनियमितताओं की शिकायत पहले से मिल रही थी, लेकिन अब पुलिस कार्रवाई के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












