-नगर निगम की विकास योजनाओं को लेकर विधायक प्रमोद कुमार ने मंत्री नीतीश मिश्रा से की मुलाकात
मोतिहारी, राजन द्विवेदी। नगर निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं और विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने नगर निगम के सभी 46 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
शिष्टमंडल में नगर निगम की उपमहापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद, पार्षद संजू निषाद, प्रभात कुमार तथा पार्षद प्रतिनिधि रोचक झा और अजय सिंह शामिल थे। शिष्टमंडल ने मंत्री को नगर निगम के सभी 46 वार्डों के लिए एक-एक प्रमुख योजना की सूची भी सौंपी। इन योजनाओं में विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान और विशाल कुमार की अनुशंसा शामिल है।

मुलाकात के दौरान राज्य योजना के तहत पूर्व से संचालित एवं लंबित योजनाओं को पूरा कराने, बकाया राशि का भुगतान करने, व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस के ब्याज में राहत देने तथा प्रत्येक वार्ड में वार्ड कार्यालय खोलने की मांग रखी गई। शिष्टमंडल ने कहा कि वार्ड स्तर पर कार्यालय खुलने से स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही हो सकेगा और नगर निगम की सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने शिष्टमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मोतिहारी सांसद राधा मोहन सिंह और विधायक प्रमोद कुमार का क्षेत्र है। यहां अधिक से अधिक विकास कार्य कराने और लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान विधायक प्रमोद कुमार ने मंत्री नीतीश मिश्रा को मोतिहारी आने तथा नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करने का निमंत्रण दिया। मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए मोतिहारी आने पर सहमति जताई।














