Advertisement

धोबगामा पंचायत के मुखिया ने दी जान से मारने की धमकी की शिकायत

-धोबगामा पंचायत के मुखिया ने दी जान से मारने की धमकी की शिकायत

-आरोपी ने बताया झूठा आरोप

सम्वाददाता/ समस्तीपुर।

जिले के पूसा थाना क्षेत्र के धोबगामा पंचायत के मुखिया राजीव कुमार ने थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उन्हें जान से मारने और रंगदारी मांगने की धमकी मिल रही है। मुखिया ने गांव के ही संजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मुखिया का कहना है कि संजय कुमार ने 22 दिसंबर 2024 को फोन कर पैसों की मांग की और मोबाइल पर हथियार की तस्वीरें दिखाईं। इससे पहले भी संजय कुमार धमकी देकर पैसे ले चुका है, जो अभी तक वापस नहीं किए। राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी असामाजिक तत्वों से जुड़ा हुआ है और अक्सर धमकी भरे शब्दों में कहता है, “मुखिया गिरी ऐसे होती है, पैसे दो नहीं तो व्यवस्था कर देंगे।”

मुखिया ने आरोप लगाया कि 3 जनवरी 2025 को समस्तीपुर रेलवे स्टेशन जाने के दौरान संजय कुमार ने उनके पास से टेम्पो (ई-रिक्शा) लेकर गुजरते हुए दुर्व्यवहार किया। मुखिया ने आशंका जताई है कि संजय या उसके संपर्क के लोग उनके या उनके परिवार के खिलाफ किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

आरोपी ने आरोपों को बताया झूठा:

वहीं, संजय कुमार ने इन आरोपों को निराधार और झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि मुखिया के पास उनके 30 हजार रुपये बकाया हैं और इसी संदर्भ में फोन पर बात हुई थी। संजय ने यह भी कहा कि कॉल रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक कर सच सामने लाया जा सकता है।

संजय ने मुखिया पर योजनाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगने और लोकपाल के आदेश पर जांच शुरू होने के बाद मुखिया राजनीतिक दबाव बनाने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस कर रही है जांच
पूसा थाने ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग और दोनों पक्षों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इस मामले में क्षेत्र के लोग भी विभिन्न राय रख रहे हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।