-‘दुपहिया 2’ के ट्रेलर में मनोज सिंह टाइगर का देसी अंदाज, कॉमिक टाइमिंग ने खींचा ध्यान
पटना।अभिनेता मनोज सिंह टाइगर इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज ‘दुपहिया 2’ को लेकर चर्चा में हैं। सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें उनका देसी अंदाज और हास्य अभिनय एक बार फिर दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। ‘दुपहिया’ के पहले सीजन में मनोज टाइगर की कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने पसंद किया था। दूसरे सीजन में उनकी वापसी से सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
ग्रामीण परिवेश, देसी भाषा और हास्य से भरपूर ‘दुपहिया 2’ में मनोज टाइगर की सहज अदाकारी कहानी को खास रंग देती नजर आ रही है। ट्रेलर में उनके संवाद, चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज उनके किरदार की झलक देते हैं। रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में सीरीज को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

मनोज टाइगर ने अभिनय की शुरुआत रंगमंच से की थी। थिएटर से लंबे जुड़ाव के बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में पहचान बनाई और हिंदी फिल्मों व ओटीटी की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ‘अहिंसा’, ‘दशमी’ और ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ जैसी फिल्मों में भी वह नजर आ चुके हैं। ‘आखिरी पाती’ और ‘मांस का रुदन’ जैसे नाटकों का अनुभव उनके अभिनय में दिखाई देता है।
ओटीटी के बढ़ते दौर में ‘दुपहिया 2’ उनके करियर का एक और अहम प्रोजेक्ट है। अब दर्शकों की नजर सीरीज की रिलीज पर है।












