-समाहरणालय में राष्ट्रीय पोषण माह पर कार्यक्रम
-कुपोषित बच्चों को मिशन मोड में सुधारने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। समाहरणालय सभागार में बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह (9 सितंबर से 8 अक्टूबर) के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि कुपोषण का प्रमुख कारण केवल गरीबी नहीं, बल्कि जागरूकता की कमी भी है। स्वच्छता, पोषण और सामाजिक कुप्रथाओं के प्रति व्यवहार में बदलाव से पोषण की स्थिति में व्यापक सुधार लाया जा सकता है।
डीएम ने कहा कि बच्चों, किशोर-किशोरियों और महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

जिलाधिकारी ने पोषण अभियान में मुजफ्फरपुर के राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर खुशी जताते हुए आईसीडीएस के अधिकारियों और कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीपीओ, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका पोषण अभियान के ब्रांड एम्बेसडर हैं।
कार्यक्रम में पोषण संबंधी विभिन्न विषयों पर स्टॉल लगाए गए। स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत करने के साथ गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी कराया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। डीएम ने उपस्थित लोगों को पोषण शपथ दिलाई और सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ जन-जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया।












