-दीपावली पर बेनीबाद पुलिस अलर्ट, जुआरी और शराबियों पर रहेगी पैनी नजर
-बाजारों और चौक-चौराहों पर बढ़ाई गई गश्ती, हुड़दंग व अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर होगी कानूनी कार्रवाई
दीपक । बेनीबाद (मुजफ्फरपुर)। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बेनीबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। थानाध्यक्ष के निर्देश पर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पर्व के दौरान जुआ खेलने, शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली को लेकर बाजारों में बढ़ रही भीड़ और खरीदारी के मद्देनजर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में जुआ खेलने, शराब पीकर हंगामा करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।










