-दीपावली-छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म में बदलाव
-16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था
-नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए उठाया गया कदम
नई दिल्ली। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 16 अक्टूबर से 17 नवंबर तक एक दर्जन से अधिक प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी बदलाव किया गया है। इस बदलाव का सीधा असर बिहार और मिथिलांचल के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा।
रेलवे की नई व्यवस्था के अनुसार, गाड़ी संख्या 12562 नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म संख्या 13 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 01 से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 12561 जयनगर-नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस नई दिल्ली स्टेशन पर अब प्लेटफॉर्म संख्या 12 के बजाय प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर पहुंचेगी। ऐसे में बिहार और मिथिलांचल की यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद प्लेटफॉर्म की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लेनी चाहिए।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी आवाजाही और निर्माण कार्य के कारण यह फैसला लिया गया है। स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन होता है और लाखों यात्रियों का आवागमन रहता है। पिछले एक वर्ष से पहाड़गंज की ओर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चलने के कारण अजमेरी गेट की तरफ यात्रियों का दबाव बढ़ा है। त्योहारों के दौरान भीड़ को व्यवस्थित करने, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और भगदड़ जैसी स्थिति की आशंका कम करने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म में यह अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रह सकती है। इसलिए यात्री ट्रेन के निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें और यात्रा शुरू करने से पहले प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर जांच लें। रेलवे ने उद्घोषणा प्रणाली और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को जानकारी देने की व्यवस्था भी की है।
खासकर बिहार जाने वाले यात्रियों को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के बदले हुए प्लेटफॉर्म नंबर का ध्यान रखना चाहिए, ताकि अंतिम समय में प्लेटफॉर्म बदलने के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे की आधिकारिक सूचना और स्टेशन पर जारी उद्घोषणाओं के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।












