-दीपावली को लेकर गायघाट पुलिस अलर्ट, थानेदार खुद संभाल रहे सुरक्षा की कमान
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गायघाट थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
थानाध्यक्ष जेपी गुप्ता खुद क्षेत्र में निकलकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं संवेदनशील स्थानों की जांच-पड़ताल की जा रही है। बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।

थानाध्यक्ष ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को लगातार गश्ती करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही आम लोगों से दीपावली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति भंग करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











