-दियारा में चोरी-छिपे मिलने पहुंचे प्रेमी युगल की पंचायत ने कराई शादी, इलाके में चर्चा
मुजफ्फरपुर: जिले के दियारा क्षेत्र से प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां चोरी-छिपे मिलने पहुंचे प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मामला इतना बढ़ा कि पंचायत बैठी और अंततः दोनों की शादी करा दी गई। घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 20 वर्षीय युवक देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने दियारा इलाके में पहुंचा था। दोनों की मुलाकात की भनक ग्रामीणों को लग गई। इसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामला पूरे गांव में फैल गया।
बताया जा रहा है कि लड़की के परिजनों ने युवक को अपने कब्जे में रखा और मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई। शुरुआत में मामला थाना तक पहुंचने की बात हो रही थी, लेकिन बाद में गांव के लोगों और दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई।

घंटों चली पंचायत, समझाइश और आपसी सहमति के बाद ग्रामीणों ने फैसला लिया कि दोनों की शादी करा दी जाए। इसके बाद गांव के ही एक मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इधर सूचना मिलने पर पारू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने नवविवाहिता ने बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ आई थी और अब उसी के साथ रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की।
घटना के बाद पूरे इलाके में इस शादी की चर्चा हो रही है। ग्रामीण इसे सामाजिक सहमति से निकाला गया समाधान बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे गांव की पारंपरिक पंचायत व्यवस्था का उदाहरण मान रहे हैं।












