Advertisement

दलदली चक में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों ने उठाया लाभ

-दलदली चक में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों ने उठाया लाभ

नगरनौसा (नालंदा)। नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड अंतर्गत खजुरा पंचायत के दलदली चक गांव में रविवार को स्मृति फाउंडेशन एवं संकल्प वेलफेयर के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सीय परामर्श का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का आयोजन स्मृति फाउंडेशन की प्रमुख सोनम पासवान के नेतृत्व में किया गया। शिविर के संयोजक सोनम पासवान एवं प्रयोजक अमित गहलोत के सौजन्य से यह सामाजिक पहल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

शिविर के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी गई। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष रुद्र प्रकाश, सचिव अमित गहलोत, श्रुति गुप्ता, राकेश जायसवाल, दीर्घा कुमारी, अभिषेक कुमार तथा दिव्या कुमारी समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

स्मृति फाउंडेशन की प्रमुख सोनम पासवान ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम पहुंचाए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।