-तीसरे प्रयास में सन्नी कुमार ने पाई सफलता, 70वीं बीपीएससी में हासिल की 948वीं रैंक
सीतामढ़ी। कोट बाजार सीतामढ़ी निवासी सन्नी कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सन्नी ने अपने तीसरे प्रयास में 948वीं रैंक प्राप्त कर चयन सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और समाज के लोगों में खुशी का माहौल है।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ तथा कैट के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने सन्नी कुमार और उनकी माता किरण देवी का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सन्नी की सफलता उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सन्नी ने कभी हार नहीं मानी और घर पर रहकर कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
सन्नी कुमार ने बताया कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो तो सफलता पाने के लिए स्थान कोई बाधा नहीं बनता। उन्होंने गणित विषय में एमएससी की पढ़ाई की है। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली नियुक्ति आरडीओ (राजस्व पदाधिकारी) के रूप में होगी।

इस अवसर पर राधा कृष्ण गोयनका कॉलेज, सीतामढ़ी के अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति सुल्तानिया ने कहा कि सन्नी ने कठिन परिश्रम, धैर्य और समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान राजेश कुमार सुन्दरका ने सन्नी को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। उन्होंने सन्नी के पिता सुरेश पटेल को फोन पर बधाई भी दी। इस पर सुरेश पटेल ने कहा कि सन्नी ने सफलता के लिए लगातार मेहनत की और हमेशा विश्वास दिलाया कि उसे थोड़ा समय दिया जाए, वह बेहतर परिणाम देगा। उन्होंने कहा कि बेटे की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित और खुश है। साथ ही उम्मीद जताई कि सन्नी की उपलब्धि परिवार और समाज के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।











