-तिरहुत एमएलसी चुनाव: एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह और निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी ने दाखिल किया नामांकन
मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के तहत तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में गुरुवार को दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। आयुक्त कार्यालय परिसर में नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी ने भी पर्चा भरा।

एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह के नामांकन के दौरान बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल भी मुजफ्फरपुर पहुंचे। नामांकन के बाद आयुक्त कार्यालय के समीप आयोजित सभा को दोनों नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की।
सभा में भाजपा समेत एनडीए के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नेताओं और प्रत्याशी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। सभा के दौरान एनडीए नेताओं ने संगठन की एकजुटता और चुनाव में सफलता का दावा किया।
वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी के नामांकन के दौरान भी बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे मतदाताओं के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी जीत का दावा किया।












