Advertisement

डॉक्टर्स डे पर सिविल सर्जन का बड़ा एक्शन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गायब 22 स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मियों को नोटिस

-डॉक्टर्स डे पर सिविल सर्जन का बड़ा एक्शन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गायब 22 स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मियों को नोटिस

पटना/हेमंत,1 जुलाई 2026। डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, पटना के सिविल सर्जन डॉ. वाई.पी. मंडल ने लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। 30 जून को आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने पर 22 अधिकारियों एवं कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्पष्टीकरण पर निर्णय होने तक संबंधित तिथि का मानदेय स्थगित रहेगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि 30 जून को सुबह 10 बजे स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा और उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई थी। बैठक में कई प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड लेखापाल तथा एफआरयू लेखापाल अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद सभी संबंधित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।


उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्व में ही निर्देश दिया गया था कि वे अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर गूगल मीट के माध्यम से बैठक में शामिल हों। इसके बावजूद कई अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे, जिसके कारण विभागीय समीक्षा रिपोर्ट समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं भेजी जा सकी और स्वास्थ्य विभाग के कार्य प्रभावित हुए।
जिन अधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें विभिन्न प्रखंडों के स्वास्थ्य प्रबंधक, सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड लेखापाल और एफआरयू लेखापाल शामिल हैं। सभी को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की टिप्पणी के साथ 24 घंटे के भीतर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है कि वे किन परिस्थितियों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल नहीं हो सके।
जिला स्वास्थ्य समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. वाई.पी. मंडल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और विभागीय बैठकों में पूर्व सूचना के बावजूद स्वास्थ्य अधिकारी अनुपस्थित रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पल्स पोलियो जैसा अति महत्वपूर्ण अभियान संचालित हो रहा है। ऐसे समय में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और भविष्य में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।