Advertisement

डीएम ने आम लोगों के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को लगाई कड़ी फटकार

-डीएम ने आम लोगों के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को लगाई कड़ी फटकार

-अरेराज अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए कई निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखण्ड के मिश्रौलिया पंचायत सरकार भवन के सभा कक्ष में आज जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में अरेराज अनुमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

जिसमें अनुमंडल के अरेराज, संग्रामपुर, पहाड़पुर, हरिसिद्धि प्रखंड के बीडीओ, राजस्व अधिकारी, आवास पर्यवेक्षक और मनरेगा पीओ सहित सभी विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया।

डीएम ने एक-एक कर सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान षष्ठम व पंद्रहवीं वित्त आयोग, ग्रामीण आवास योजना, पेयजल, मनरेगा, जन वितरण, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित दाखिल – खारिज, परिमार्जन व जाति, आवासीय की रिपोर्ट तलब किया। वही आम लोगों के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को कड़ी फटकार भी लगाई।

डीएम ने खेल मैदान की जांच करते हुए वहां उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को साफ सफाई रखने सहित आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के बाद डीएम सौरभ जोरवाल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, एसडीएम अंजली शर्मा व भूमि सुधार उप समाहर्ता इति चतुर्वेदी ने पंचायत सरकार भवन के पास अवस्थित मनरेगा से निर्मित बाँध एवं छठ घाट का अवलोकन कर पंचायत के मुखिया देशबंधु कुमार सिंह से उसके सौंदर्यीकरण पर बात की।

बता दें कि मुखिया देशबन्धु कुमार सिंह जी को प्रधानमंत्री द्वारा पंचायत में जल संचय एवं जन कल्याणकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। पंचायत में योजनाओं के अवलोकन के बाद जिलापदाधिकारी ने मुखिया जी के द्वारा किये गए कार्यों की सराहना की एवं सन्देश दिया कि अन्य मुखिया जी लोगों को भी इसी तरह पंचायत का विकास करना चाहिए।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया देशबंधु कुमार सिंह, सरपंच संजय कुमार सिंह, पूर्व सरपंच संजय सिंह व पैक्स अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, सामाजिक कार्यकर्ताओ अजीत कुमार सिंह, अभय सिंह, विनय सिंह सहित बड़ी संख्या में पंचायत के नागरिकगण मौजूद थे।