Advertisement

ट्रैवल व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन विवाद में सुपारी देकर हमला कराने का आरोप

-ट्रैवल व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन विवाद में सुपारी देकर हमला कराने का आरोप

मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। झपहां इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने ट्रैवल व्यवसायी मोहम्मद नियाज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल नियाज को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, नेउरा गांव निवासी मोहम्मद नियाज देर रात अपनी कार से सतपुरा स्थित अपने ठिकाने की ओर जा रहे थे। इसी दौरान झपहां में दो पेट्रोल पंपों के बीच सुनसान मोड़ पर बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी कार को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में कई गोलियां कार में लगीं, जबकि कुछ गोलियां नियाज के शरीर में जा धंसीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाजरत मोहम्मद नियाज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही उनका अपने पट्टीदारों के साथ जमीन विवाद को लेकर झगड़ा और मारपीट हुई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश में पेशेवर शूटरों को सुपारी देकर उन पर जानलेवा हमला कराया गया। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और कार पर लगे गोली के निशानों की भी जांच की जा रही है।
अहियापुर के अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि घायल का फर्दबयान दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।