Advertisement

ट्रांसफार्मर लगा, लेकिन तार जोड़ना भूला विभाग! गायघाट में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

-ट्रांसफार्मर लगा, लेकिन तार जोड़ना भूला विभाग! गायघाट में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश

गायघाट (मुजफ्फरपुर)। बिहार के गायघाट प्रखंड से बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसने विभाग के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग के बाद इलाके में नया ट्रांसफार्मर तो स्थापित कर दिया गया, लेकिन अब तक उसमें बिजली आपूर्ति के लिए तार नहीं जोड़े गए हैं। नतीजतन लाखों रुपये की लागत से लगाया गया ट्रांसफार्मर महीनों से सिर्फ शो-पीस बनकर खड़ा है और ग्रामीण आज भी कम वोल्टेज तथा बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। इसी परेशानी को दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण उसे चालू नहीं किया जा सका। तार नहीं जुड़ने से लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में स्थानीय कनीय अभियंता (जेई) की उदासीनता सामने आ रही है। कई बार विभागीय कार्यालय का चक्कर लगाने और शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।


एक ग्रामीण ने बताया, “सालों से बिजली की समस्या झेल रहे थे। बड़ी मुश्किल से ट्रांसफार्मर मिला और लगा भी दिया गया, लेकिन अब तक तार नहीं जोड़ा गया। जेई साहब के पास जाते हैं तो सिर्फ भरोसा मिलता है, काम नहीं होता।”
वहीं दूसरे ग्रामीण ने कहा, “बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ट्रांसफार्मर सिर्फ देखने के लिए खड़ा है। अगर जल्द बिजली चालू नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार हर घर बिजली पहुंचाने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर विभागीय लापरवाही के कारण लोगों को बुनियादी सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। अब लोगों की निगाहें वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस मामले का संज्ञान लेकर ट्रांसफार्मर को जल्द चालू कराने की पहल करते हैं या फिर गायघाट के ग्रामीण इसी तरह अंधेरे और कम वोल्टेज की समस्या से जूझते रहेंगे।