-जयपुर-दरभंगा नई ट्रेन को मिली हरी झंडी, मिथिलावासियों में खुशी की लहर
सीतामढ़ी/दरभंगा।खातीपुरा (जयपुर) से दरभंगा वाया सीतामढ़ी के लिए नई रेल सेवा शुरू होने पर मिथिला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रविवार, 21 जून को उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 09711 के संचालन पर केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मिथिलावासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा रेल मंडल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा को धन्यवाद एवं बधाई दी।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका एवं कैट के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि राजस्थान और मिथिला क्षेत्र के बीच नियमित रेल संपर्क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन राजस्थान और बिहार के बीच व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा यात्रियों की सुविधा को नई गति प्रदान करेगी।
रेलवे के अनुसार नियमित सेवा के रूप में ट्रेन संख्या 19725/19726 संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा (जयपुर) से 22 जून से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन रात 10:30 बजे रवाना होगी, जबकि ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से 23 जून से रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 4:30 बजे प्रस्थान करेगी।

यह ट्रेन खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, मंडावर, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, कमतौल और दरभंगा सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। खातीपुरा से दरभंगा तक 1171 किलोमीटर की दूरी ट्रेन लगभग 26 घंटे 25 मिनट में तय करेगी।
राजेश कुमार सुन्दरका ने ट्रेन में एसी कोच और पैंट्रीकार सहित अमृत भारत वर्जन-3 के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और ट्रेन की उपयोगिता कई गुना बढ़ जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नई रेल परियोजनाओं को लेकर लोगों की सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर से आगे भी काफी उम्मीदें हैं।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर कैट सचिव आलोक कुमार, नगर परिषद जनकपुर रोड के सभापति ब्रजेश जालान, रामप्रवेश प्रसाद, रामबाबू, जनार्दन भरतिया, अशोक सोनी, पंकज गोयनका, गणेश सिकारिया, बैरगनिया के शंकर अग्रवाल एवं संजय राजगढ़िया, पुपरी के रमेश जालान तथा अमर बाजोरिया समेत कई लोगों ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।











