Advertisement

जनकपुरधाम से अयोध्या तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन, नेपाल रेलवे ने दिए बड़े संकेत

-जनकपुरधाम से अयोध्या तक जल्द दौड़ेगी ट्रेन, नेपाल रेलवे ने दिए बड़े संकेत

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल रेलवे के नव नियुक्त महाप्रबंधक वी. पराजुली ने गुरुवार को जनकपुर-जयनगर रेलखंड का निरीक्षण करने के बाद महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जनकपुरधाम से अयोध्या तक जल्द ही रेल सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा के शुरू होने से दोनों धार्मिक नगरों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में महाप्रबंधक ने बताया कि जयनगर से जनकपुरधाम के बीच कार्गो (मालगाड़ी) सेवा भी शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मालगाड़ी संचालन से स्थानीय व्यवसायियों को सामान ढुलाई में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

नेपाल रेलवे के घाटे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में महाप्रबंधक ने कहा कि कार्गो सेवा शुरू होने से रेलवे की आय बढ़ेगी और घाटे में कमी आएगी। साथ ही व्यापारियों को कम लागत और कम समय में माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिजलपुरा से बर्दीवास तक रेल सेवा के विस्तार की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है और इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। नेपाल रेलवे का लक्ष्य यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन सेवाओं को भी मजबूत बनाकर रेलवे नेटवर्क का विस्तार करना है।

महाप्रबंधक की इस घोषणा से जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।